सारस न्यूज़, अररिया।
जवाहर नवोदय विद्यालय अररिया के 10 छात्रों ने इंडियन ओलंपियाड क्वालिफायर इन मैथमेटिक्स (आईओक्यूएम) में सफलता हासिल की है। विद्यालय के प्राचार्य सुशांत कुमार झा ने बताया कि यह उपलब्धि न केवल विद्यालय बल्कि पूरे जिले के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने बताया कि पूरे देश के 650 जवाहर नवोदय विद्यालयों से कुल 296 छात्रों ने आइओक्यूएम परीक्षा में सफलता प्राप्त की है, जिसमें 10 छात्र अररिया नवोदय विद्यालय से हैं।
प्राचार्य ने बताया कि विद्यालय की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र भी अररिया नवोदय विद्यालय से ही हैं। मो. अकमल ने प्रथम स्थान और हर्ष आनंद ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। यह विद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता का स्पष्ट प्रमाण है।

प्राचार्य सुशांत कुमार झा ने इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर छात्रों, उनके अभिभावकों और गणित शिक्षकों तनवीर अहमद, सुनील कुमार चौधरी, और बप्पादित्य देवनाथ को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जेएनवी के छात्रों का इस कठिन परीक्षा में चयन उनकी मेहनत, लगन और शिक्षकों के समर्पण का परिणाम है। यह विद्यालय के लिए गर्व का विषय है कि इतनी बड़ी संख्या में छात्र इस राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में सफल हुए हैं।
चयनित छात्रों में मो. अकमल और हर्ष आनंद के अलावा अरुण कुमार साह, सौरभ कुमार, मयंक कुमार, विवेक कुमार करदार, राजेश कुमार, सत्यम कुमार, क्षेमा प्रिया, और जायरा शमीम शामिल हैं। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों और अन्य छात्रों ने भी खुशी व्यक्त की और सभी चयनित छात्रों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्राचार्य ने यह भी कहा कि विद्यालय प्रशासन भविष्य में भी ऐसे शैक्षणिक कार्यक्रमों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि और अधिक छात्र इस तरह की प्रतियोगिताओं में सफलता प्राप्त कर सकें।