Saaras News – सारस न्यूज़ – चुन – चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा भरगामा, हनुमान जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा।

सारस न्यूज़, अररिया।

शनिवार को हनुमान जयंती के शुभ अवसर पर भरगामा में एक भव्य शोभायात्रा का आयोजन पूरी आस्था और शांति के साथ संपन्न हुआ। यह शोभायात्रा शोभायात्रा समिति के नेतृत्व में निकाली गई, जिसने पूरे क्षेत्र को “जय श्रीराम” और “घर-घर भगवा छाएगा, राम राज्य फिर आएगा” जैसे नारों से भक्तिमय कर दिया।

शोभायात्रा की शुरुआत बाबा सर्वेश्वरनाथ शिव मंदिर से हुई, जो जिलेबिया मोड़ के हनुमान मंदिर होते हुए महथावा स्थित सार्वजनिक दुर्गा मंदिर परिसर में जाकर समाप्त हुई। श्रद्धालु पारंपरिक वस्त्रों में, माथे पर भगवा पगड़ी और हाथों में भगवा झंडा लिए जयकारे लगाते आगे बढ़ते रहे। गाजे-बाजे और भक्ति संगीत के साथ निकली यात्रा ने बाजारों और गलियों को भक्तिरस में रंग दिया।

यात्रा मार्ग पर स्थानीय लोगों ने फूलों की वर्षा कर और जगह-जगह पानी व शरबत की सेवा देकर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। शोभायात्रा समिति ने भी तीन स्थानों पर पेयजल और शरबत स्टॉल लगाए थे।

यात्रा का मुख्य आकर्षण भगवान श्रीहनुमान की विशाल प्रतिमा और आकर्षक धार्मिक झांकियां थीं, जिन्होंने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। यात्रा जैसे-जैसे आगे बढ़ी, श्रद्धालुओं की संख्या और उत्साह दोनों बढ़ते गए। भक्त राम भक्ति के गीतों पर थिरकते नजर आए और पूरा इलाका धार्मिक उल्लास में डूब गया।

प्रशासन रहा मुस्तैद:
इस आयोजन के दौरान प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। बीडीओ शशिभूषण सुमन, सीओ निरंजन कुमार मिश्रा, थानाध्यक्ष राकेश कुमार, अपर थानाध्यक्ष दीपक कुमार, एसआई राजनारायण यादव सहित कई पुलिस अधिकारी और महिला सशस्त्र बल की टीम ने सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाली।

जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी मौजूदगी:
शोभायात्रा में पूर्व विधायक देवंती यादव, भाजपा नेता अशोक कुमार सिंह, नागेश्वर यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष संतोष सुराना, मंडल अध्यक्ष कौशल सिंह भदोरिया, जिला उपाध्यक्ष सुधीर भगत, नवीन यादव, नित्यानंद मेहता सहित अन्य प्रमुख नेता और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए।

समिति के समर्पित कार्यकर्ता:
आयोजन की सफलता में समिति के रघुनंदन साह, सुमीत भगत, विप्लव भगत, धर्मेंद्र भगत, सुरज भगत, शशिकांत राय, छोटू भगत, दिलीप भगत, तेजवल राय, पिक्कू दास, गणेश दास, शंभू दास, मिथिलेश ठाकुर सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं का अहम योगदान रहा।

यह शोभायात्रा भरगामा में आपसी सौहार्द और धार्मिक एकता की अनूठी मिसाल बन गई।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *