• Sun. Mar 22nd, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

अभाविप का आरोप: पश्चिम बंगाल बारूद के ढेर पर खड़ा, सरकार जल्द चेते।

सारस न्यूज़, अररिया।

प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए एमपी सिंह

अभाविप जिला इकाई अररिया द्वारा शिवपुरी स्थित परिषद कार्यालय परिसर में पश्चिम बंगाल में महिला डॉक्टर के साथ हुई बर्बरता पर प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस को संबोधित करते हुए परिषद के प्रांत एसएफएस प्रमुख प्रो. एमपी सिंह ने पश्चिम बंगाल की आरजी कर मेडिकल कॉलेज में जूनियर महिला डॉक्टर के साथ हुई बर्बरता को अत्यंत ही ह्रदय विदारक बताया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में महिलाओं के साथ बर्बरता की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, और आपराधिक तत्वों पर लगाम लगाने में ममता सरकार विफल रही है।

प्रो. एमपी सिंह ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से तुरंत इस्तीफा देने की मांग करते हुए आरोप लगाया कि ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल को बांग्लादेश जैसा बनाना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति शासन लगाया जाए। केंद्र सरकार को इस पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है।

प्रो. सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में अपराधी बेलगाम हो चुके हैं और ऐसा प्रतीत होता है कि उन्हें ममता सरकार का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में टीएमसी के गुंडों द्वारा पुलिस के समक्ष सबूत मिटाने का प्रयास यह दर्शाता है कि ममता सरकार बर्बरता पर पर्दा डालना चाहती है।

प्रो. सिंह ने चेतावनी दी कि पश्चिम बंगाल बारूद के ढेर पर खड़ा है, और यदि केंद्र सरकार अभी भी नहीं चेती तो भविष्य में बहुत बड़ी कीमत चुकानी पड़ सकती है।

इस मौके पर कार्यक्रम में जिला संयोजक अजीत रंजन, राहुल आर्यन, और भोला राठौर भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *