सारस न्यूज़, अररिया।
अररिया: जल-जीवन-हरियाली दिवस के अवसर पर समाहरणालय परिसर स्थित डीआरडीए सभागार में जिला जन सम्पर्क कार्यालय, अररिया के तत्वावधान में “जल-जीवन-हरियाली जागरूकता अभियान अंतर्गत जागरूकता का प्रसार” विषय पर परिचर्चा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सूचना जन सम्पर्क विभाग, बिहार, पटना द्वारा आयोजित कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया गया, जिसमें जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मी जुड़े रहे।
कार्यक्रम का संचालन सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग सह जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी, अररिया श्री नितेश कुमार पाठक द्वारा किया गया। उन्होंने उपस्थित पदाधिकारियों को जल-जीवन-हरियाली दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए निर्धारित विषय “जल-जीवन-हरियाली अंतर्गत जागरूकता का प्रसार” पर विचार साझा किए।
परिचर्चा में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने जल-जीवन-हरियाली के तहत किए जा रहे कार्यों, बाधाओं, और अपने अनुभवों को साझा किया। कार्यपालक अभियंता, भवन निर्माण, अररिया, श्री महेन्द्र कुमार ने पेड़-पौधा लगाने के महत्व पर बात करते हुए वर्षा जल संचयन से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, शिक्षा, श्री गोविंद कुमार ने बताया कि शिक्षा विभाग द्वारा जिले के विद्यालयों में किचन गार्डन लगाए गए हैं, जिससे बच्चों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ रही है।
बाल संरक्षण पदाधिकारी, श्री बबलू कुमार पाल ने ऑब्जरवेशन होम में नियमित रूप से जल-जीवन-हरियाली से संबंधित गतिविधियों के आयोजन की जानकारी दी। प्रशिक्षण अधिकारी, जीविका, श्री नीर नीरज ने बताया कि इस वित्तीय वर्ष में 2 लाख 27 हजार पौधे प्रखंडवार जीविका दीदियों के माध्यम से लगाए गए हैं, जिनमें से 1 लाख 85 हजार पौधों की उत्तरजीविता सुनिश्चित की गई है।
मत्स्य प्रसार पदाधिकारी, श्री अवधेष कुमार ने जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत वित्तीय वर्ष 2023-24 में 18 हेक्टेयर तालाब के निर्माण से 11 लाभुकों के लाभान्वित होने की जानकारी दी। जिला मिशन प्रबंधक, जेजेएचएम, श्रीमती नम्रता राणे ने अभियान को सफल बनाने हेतु निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने का अनुरोध किया। मौके पर संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।