सारस न्यूज़, अररिया।
नगर थाना क्षेत्र के कुसियारगांव समीप पूर्णिया-अररिया हाइव एनएच 57 पर बंधन बैंक कर्मी के साथ एक बाइक पर सवार दो अज्ञात अपराधियों ने बैग की छिनतई की घटना को अंजाम देते हुए उसे गोली मार दी। गोली बैंक कर्मी के कमर में लगी एवं अटक गई। सूचना मिलने पर एसडीपीओ एवं नगर थाना पुलिस सदल-बल मौके पर पहुंचे एवं घायल बैंक कर्मी को सदर अस्पताल लाया गया। इसके बाद सदर अस्पताल में प्राथमिकी उपचार के बाद बैंक कर्मी को पूर्णिया रेफर कर दिया गया है। इधर एएसपी सह एसडीपीओ रामपुकार सिंह ने बताया कि घायल फिलहाल खतरे से बाहर है। अज्ञात अपराधियों द्वारा फारबिसगंज थाना क्षेत्र के खवासपुर निवासी बंधन बैंक कर्मी विकास कुमार झा (35) से बैग छिनतई की घटना की जानकारी मिली है। बैग में कितने रुपये थे यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। घायल बैंक कर्मी के द्वारा जानकारी देने पर ही मालूम चल सकेगा। साथ ही पीड़ित बैंक कर्मी पूर्णिया के एक बंधन बैंक शाखा से अपना कार्य कर नगर थाना क्षेत्र के जयप्रकाश नगर वार्ड संख्या 07 वर्तमान निवास स्थान पर लौट रहा था। फिलहाल घटनास्थल से सीसीटीवी फुटेज की छानबीन जारी है।