सारस न्यूज़, अररिया।
भरगामा थाना क्षेत्र से गायब हुई दो लड़कियों को पुलिस ने सफलतापूर्वक बरामद कर उनके परिजनों को सौंप दिया। इनमें से एक लड़की 15 दिन पहले और दूसरी 5 दिन पहले लापता हुई थी।
थाना सूत्रों के अनुसार, नया भरगामा से 15 दिन पहले एक लड़की अचानक घर से लापता हो गई थी। परिजनों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर भरगामा पुलिस ने गहन जांच और छापेमारी अभियान चलाया। अंततः उसे जानकी नगर थाना क्षेत्र से बरामद कर लिया गया।
वहीं, भरगामा से 5 दिन पहले एक और लड़की अचानक गायब हो गई थी। उसे मंगलवार अहले सुबह अररिया बस स्टैंड से बरामद किया गया। इस अभियान में भरगामा थानाध्यक्ष राकेश कुमार, एसआई रूपा कुमारी और महिला पुलिस बल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
भरगामा थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि दोनों लड़कियों की माताओं ने उनकी गुमशुदगी को लेकर थाना में आवेदन दिया था। इसके आधार पर लगातार संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी की गई, जिसके चलते दोनों लड़कियों को सकुशल बरामद कर लिया गया। बरामदगी के बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें उनके परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और लड़कियों के लापता होने के पीछे के कारणों की भी पड़ताल कर रही है।