सारस न्यूज़, अररिया।
केंद्रीय बजट 2026 पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए अररिया के सांसद श्री प्रदीप कुमार सिंह ने इसे देश के समग्र विकास को गति देने वाला बताया है। उन्होंने कहा कि संसद के बजट सत्र में प्रस्तुत यह बजट वर्ष 2014 से चल रही विकास यात्रा को नई मजबूती देगा और भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को और सुदृढ़ करेगा। सांसद श्री सिंह ने कहा कि बजट में चैंपियन एमएसएमई के निर्माण, बुनियादी ढांचे को व्यापक प्रोत्साहन, दीर्घकालिक आर्थिक स्थिरता, सिटी इकोनॉमिक रीजन के विकास, औद्योगिक क्षेत्रों के पुनर्जीवन और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर के विस्तार जैसे प्रावधान शामिल हैं। ये कदम न केवल अर्थव्यवस्था को मजबूती देंगे, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेंगे।उन्होंने बजट में प्रत्येक जिले में बालिकाओं के लिए आवासीय विद्यालय स्थापित करने के प्रस्ताव की विशेष सराहना की। सांसद ने कहा कि यह पहल बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है, जिससे ग्रामीण और पिछड़े इलाकों की छात्राओं को सुरक्षित माहौल में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी।प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि बजट 2026 युवाओं, किसानों, श्रमिकों, महिलाओं और उद्यमियों—सभी वर्गों के हितों को संतुलित रूप से ध्यान में रखकर तैयार किया गया है और यह आत्मनिर्भर भारत की नींव को और मजबूत करेगा।उन्होंने केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण को लगातार नौवीं बार केंद्रीय बजट प्रस्तुत करने के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह बजट ‘विकसित भारत @2047’ के संकल्प को धरातल पर उतारने की स्पष्ट और ठोस कार्ययोजना प्रस्तुत करता है।
