सारस न्यूज़, अररिया।
कांग्रेस पार्टी के ‘हर घर कांग्रेस का झंडा’ अभियान ने अररिया विधानसभा क्षेत्र में जबरदस्त ऊर्जा और उत्साह भर दिया है। बिहार कांग्रेस के प्रदेश प्रतिनिधि एवं अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश महासचिव मासूम रेजा के नेतृत्व में इस अभियान के तहत एक व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रम चलाया गया, जिसमें उन्होंने जनता से सीधे संवाद स्थापित किया।

कार्यक्रम के दौरान मासूम रेजा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ घर-घर पहुंचकर न सिर्फ कांग्रेस का झंडा फहराया, बल्कि लोगों को कांग्रेस की गौरवशाली विरासत, स्वतंत्रता संग्राम में भूमिका और समकालीन नीतियों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि किस तरह कांग्रेस ने दशकों तक देश का नेतृत्व किया और समाज के सभी वर्गों के लिए न्याय, समानता और विकास सुनिश्चित किया।
मासूम रेजा ने विशेष रूप से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सामाजिक न्याय और अल्पसंख्यकों के अधिकारों के लिए कांग्रेस की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा, “आज जब संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाएं चुनौतियों का सामना कर रही हैं, ऐसे समय में कांग्रेस का झंडा सिर्फ एक प्रतीक नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक आत्मा का प्रतिनिधित्व करता है।”
इस अभियान को स्थानीय लोगों से भरपूर समर्थन मिला। बड़ी संख्या में नागरिकों ने अपने घरों पर कांग्रेस का झंडा फहराकर इस मुहिम में भागीदारी दिखाई और पार्टी के प्रति विश्वास जताया। जनता की यह भागीदारी स्पष्ट रूप से बताती है कि कांग्रेस की नीतियां और उसका समर्पण आज भी लोगों के दिलों में जगह बनाए हुए हैं।
इस मौके पर कांग्रेस नेता अमजद अली, मो. सोराब आलम, शोएब आलम, गोविंद मंडल, मेहबूब आलम, राज कुमार ऋषिदेव, अंसार आलम, अबू जफर, कुलानंद यादव समेत दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे, जिन्होंने पूरे अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई।