सारस न्यूज़, अररिया।
फारबिसगंज विधानसभा क्षेत्र में महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर कांग्रेस पार्टी ने एक अहम पहल की। कांग्रेस महिला प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित एक विशेष बैठक में नगर पार्षद एवं कांग्रेस नेत्री काजल गुप्ता की अध्यक्षता में ‘माई बहिन मान योजना’ की जानकारी दी गई।
इस बैठक में बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं और योजना के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। योजना की उपयोगिता को समझते हुए 150 महिलाओं ने मौके पर ही नामांकन कराया।
इस अवसर पर नेत्री काजल गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस योजना को अभियान के रूप में पूरे जिले के पंचायतों, वार्डों और कस्बों तक पहुंचाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी महिलाओं के सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए लगातार संघर्षरत है। बिहार सरकार की महिला विरोधी नीतियों की सच्चाई अब सामने आ चुकी है, और कांग्रेस कार्यकर्ता हर घर तक इस योजना का लाभ पहुंचाने के लिए तैयार हैं।
कार्यक्रम में अररिया जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाद अहमद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से महिलाओं के मुद्दों को प्राथमिकता देती रही है और जब-जब जनता ने भरोसा जताया, कांग्रेस ने उनके हितों के लिए संघर्ष किया। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे भी पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं और सामाजिक बदलाव में भागीदारी निभाएं।
शाद अहमद ने जानकारी दी कि 18 से 60 वर्ष तक की सभी महिलाएं इस योजना के अंतर्गत पंजीकरण कर लाभ उठा सकती हैं।
कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अंबरीश राहुल, संजीव शेखर, दिलीप पासवान, जिला प्रवक्ता प्रदीप कुमार कर्ण, शंकर प्रसाद साह, नगर अध्यक्ष अमितेश कुमार उर्फ गुड्डू सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।