• Fri. Sep 12th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

संविधान मेरा गौरव, मेरा स्वाभिमान: आरआईटी कॉलेज में क्विज प्रतियोगिता आयोजित।

सारस न्यूज़, अररिया।

संविधान निर्माण के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा का संविधान गौरव अभियान भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। इसी कड़ी में भाजपा युवा मोर्चा अररिया द्वारा स्थानीय आरआईटी कॉलेज परिसर में “मेरा संविधान, मेरा गौरव, मेरा संविधान, मेरा स्वाभिमान” विषय पर समूह स्तरीय क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा, आरआईटी कॉलेज के निदेशक संजय प्रधान, सह निदेशक ललित जैन, भाजयुमो पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष प्रवीण कुमार, और भाजयुमो जिलाध्यक्ष आकाश राज द्वारा दीप प्रज्वलन और डॉ. भीमराव अंबेडकर व नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।

जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा ने कहा कि संविधान गौरव अभियान का उद्देश्य युवाओं को संविधान निर्माण की प्रक्रिया और भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान से अवगत कराना है। युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष प्रवीण कुमार और भाजयुमो जिलाध्यक्ष आकाश राज ने संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों और लोकतंत्र की मजबूती में भाजपा की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे संविधान के प्रति जागरूक रहें और कांग्रेस व अन्य विपक्षी दलों द्वारा फैलाए जा रहे भ्रामक प्रचार से सावधान रहें।

प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को नगद राशि, मेमेंटो और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान कोचिंग संस्थानों के छात्रों और शिक्षकों को भी प्रदान किया गया। कार्यक्रम में जिला महामंत्री अमन राज, दीपक मंडल, जिला उपाध्यक्ष संदीप कुमार, जिला मंत्री सत्यम कुमार, नगर अध्यक्ष किशन शर्मा, जिला कार्यसमिति सदस्य विपुल सिंह, और नगर मंत्री मो. सैयद सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को भारतीय संविधान की महत्वता, इसके निर्माण में डॉ. अंबेडकर के योगदान और संविधान द्वारा प्रदान किए गए अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम ने छात्रों में संविधान के प्रति सम्मान और गर्व की भावना जागृत की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *