सारस न्यूज़, अररिया।
भाकपा मार्क्सवादी (सीपीएम) अंचल कमिटी सह नगर कमिटी अररिया के द्वारा नगर सह अंचल सचिव कॉमरेड चंद्रशेखर पासवान के नेतृत्व में सदर अंचल मुख्यालय पर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया। जनता की ज्वलंत समस्याओं के समाधान के लिए 17 सूत्री मांगों के साथ यह धरना आयोजित किया गया।
धरना सभा की अध्यक्षता साथी रतन सिंह ने की, और अंचल के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में लोगों ने इसमें भाग लिया। सभा को संबोधित करते हुए पार्टी के जिला सचिव कॉमरेड राम विनय राय ने कहा कि अररिया अंचल कार्यालय भ्रष्टाचार का अड्डा बन गया है। जमाबंदी सुधार, परिमार्जन, दाखिल-खारिज, और अन्य कार्यों के लिए कर्मचारी व अंचल कर्मियों द्वारा आम लोगों से खुलेआम लूट की जा रही है।

राशन कार्ड और वृद्धावस्था पेंशन योजना से बड़ी संख्या में लोगों के नाम काटे जा रहे हैं। बाढ़ राहत राशि के भुगतान में भी भारी धांधली हो रही है, और 2024 के बाढ़ प्रभावित लोगों को पिछले साल की सूची पर ही राहत राशि दी जा रही है।
सभा को प्रमोद सिंह, सुबोध पासवान, अबिता देवी, मंजुर आलम, बौकाय ऋषि, बीबी प्रवीण, नाहिदा खातून सहित कई अन्य नेताओं ने संबोधित किया। धरना प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी भाग लिया।