प्रतिनिधि, सारस न्यूज़, अररिया।
चुनाव प्रचार के दौरान पैकपार के निवर्तमान पैक्स अध्यक्ष और प्रत्याशी सतीश कुमार सिंह पर जानलेवा हमला किया गया। यह घटना बीते रविवार की देर संध्या की बताई जा रही है। सतीश कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें स्थानीय लोगों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरगामा में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज किया गया। घटना की सूचना मिलते ही भरगामा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। हमलावरों ने सतीश सिंह की बाइक के अगले हिस्से को भी नुकसान पहुंचाया।
सतीश कुमार सिंह ने इस घटना के संबंध में भरगामा थाना में लिखित आवेदन दिया, जिसमें उन्होंने बताया कि वह रविवार की शाम सोनापुर गांव से अकेले प्रचार करने के बाद बाइक से लौट रहे थे। इसी दौरान गजेंद्र प्रसाद सिंह के पोखर के पास एक व्यक्ति ने उन्हें रोक लिया और गाली-गलौज करने लगा। इस व्यक्ति के साथ तीन अन्य अज्ञात व्यक्ति भी थे। एक व्यक्ति ने उन्हें धमकी दी कि यदि वह सही तरीके से प्रचार करना चाहते हैं, तो उन्हें एक लाख रुपये की रंगदारी देना होगा। इसके बाद, वह व्यक्ति आवेश में आकर गाली-गलौज करने लगा और पच्चीस सौ रुपये निकाल कर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उन्हें जमीन पर गिरा दिया और लात-मुक्का से हमला किया। इस दौरान एक व्यक्ति ने उनकी सोने की चेन भी छीन ली।
सतीश सिंह के शोर मचाने पर थ्रेसर में काम कर रहे लोग घटनास्थल पर दौड़कर पहुंचे, जिससे आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, और थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि जल्द ही दोषियों पर उचित कार्रवाई की जाएगी।