सारस न्यूज, अररिया।
अररिया नगर थाना क्षेत्र के भगत टोला में कर्जदारों से परेशान होकर स्वर्णकार शम्भू साह ने सोना-चांदी साफ करने वाला ‘एसिड’ पी लिया जिसके बाद गंभीर हालत में उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां सदर अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने स्वर्णकार शंभू साह का प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए हाइयर सेंटर रेफर कर दिया है। घायल शख्स का नाम शंभू साह है जो अररिया शहर के भगत टोला का निवासी बताया जा रहा है। घायल शम्भू साह की पत्नी जानकी देवी ने बताया कि पिछले दो महीने से कर्जदार कर्ज वसूलने के लिए तगादा कर रहे थे जिसकी वजह से वो परेशान चल रहे थे। वहीं जानकारी देते हुए स्वर्णकार शंभू साह की पत्नी जानकी देवी ने बताया कि वह अररिया प्रखंड क्षेत्र के बेलवा पंचायत के भगत टोला वार्ड संख्या 1 की रहने वाली है। शुक्रवार को सुबह वह शहर के अररिया आर एस स्थित प्लाई मिल में काम करने गई थी। जहां मौसम खराब होने के वजह से प्लाई फैक्ट्री में उन्हें काम नहीं मिला जिसके बाद वह वापस घर आ गई और अपने पति शंभू साह को बताया कि आज मौसम खराब होने के वजह से उन्हें काम नहीं मिला है। जिसके बाद उन्होंने अपने पति को चाय बनाकर पीने के लिए दिया। इसी दौरान उनके पति ने कर्ज के कारण सोना चांदी साफ करने के लिए रखे गए तेजाब को पी लिया। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और उल्टी और जी मिचलाने लगा। इसके बाद स्थानीय लोगों के सहयोग से आनन- फानन में सदर अस्पताल अररिया ले जाया गया। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने उनकी गंभीर स्थिति देखकर बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। साथ ही उन्होंने बताया कि उनका पति ज्वेलरी का दुकान करते हैं और व्यापार मंदा होने के कारण बीते कुछ दिन पहले वे कई लोगों से कर्ज लिए थे। कर्ज की राशि वापस नहीं करने पर कर्ज देने वाले लोग बीते दो महीने से उन्हें राशि वापस करने का दबाव बना रहे थे। कर्ज के दबाव में उसके पति ने एसिड पीकर जान देने का प्रयास किया। वहीं इस मामले में पूछे जाने पर नगर थानाध्यक्ष निर्मल कुमार यादवेंदु ने बताया कि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच पड़ताल कर कार्रवाई की जाएगी।