• Fri. Sep 12th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

सरकारी योजनाओं की प्रगति पर जिलास्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित।

सारस न्यूज़, अररिया।

सरकार के महत्वपूर्ण कार्यक्रमों को त्वरित और प्रभावी ढंग से लागू करने, उनके सतत् अनुश्रवण, न्याय के साथ विकास सुनिश्चित करने और प्रशासन को अधिक संवेदनशील बनाने के उद्देश्य से समाहरणालय अररिया स्थित परमान सभागार में जिला पदाधिकारी अनिल कुमार की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें सभी जिलास्तरीय, अनुमंडलस्तरीय और प्रखंडस्तरीय पदाधिकारी शामिल हुए।

बैठक में अनुमंडल और प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी अपने-अपने कार्यालयों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। जिलाधिकारी ने मुख्य योजनाओं, न्यायालय से संबंधित वादों और अन्य ऐसे मामलों, जिनमें विभिन्न विभागों के समन्वय की आवश्यकता है, को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक के मुख्य बिंदु:

  1. न्यायालय के लंबित वादों का निष्पादन:
    जिलाधिकारी ने डीडब्ल्यूजेसी, एमजेसी और एलपीए जैसे न्यायालयीन लंबित वादों का प्राथमिकता के साथ निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
  2. मनरेगा के तहत खेल मैदान निर्माण:
    छुटे हुए पंचायतों में खेल मैदान निर्माण के लिए भूमि चिन्हित करने और अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी करने हेतु संबंधित अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया गया। निर्माण कार्य को मिशन मोड में पूर्ण करने का आदेश दिया गया।
  3. धान अधिप्राप्ति:
    जिलाधिकारी ने निर्धारित लक्ष्य को तय समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया।
  4. जिला स्थापना दिवस और मकर संक्रांति महोत्सव:
    आगामी 14 जनवरी को आयोजित होने वाले जिला स्थापना दिवस और मकर संक्रांति महोत्सव को सफल बनाने के लिए तैयारियों पर चर्चा की गई।
  5. विभागीय समीक्षा:
    शिक्षा, स्वास्थ्य, निबंधन, डीआरसीसी, बाल संरक्षण इकाई, अल्पसंख्यक कल्याण, सांख्यिकी, कल्याण और आरडब्ल्यूडी सहित कई अन्य विभागों के कार्यों की गहन समीक्षा की गई।

बैठक में अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, सिविल सर्जन, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, सभी वरीय उप समाहर्ता, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, तकनीकी पदाधिकारी और अन्य जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *