• Sat. Sep 13th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

जिला पदाधिकारी अनिल कुमार का फारबिसगंज प्रखंड और हरिपुर पंचायत का औचक निरीक्षण।

सारस न्यूज़, अररिया।

अनिल कुमार, भा.प्र.से., जिला पदाधिकारी, अररिया ने आज फारबिसगंज प्रखंड एवं अंचल कार्यालय, अनुमंडलीय अस्पताल फारबिसगंज, और फारबिसगंज प्रखंड अंतर्गत हरिपुर पंचायत का औचक निरीक्षण किया। क्षेत्र भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सर्वप्रथम, फारबिसगंज प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्य रूप से राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अंचल अधिकारी को निर्देशित किया कि दाखिल खारिज के कार्यों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करें। यदि दाखिल खारिज के मामले में किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त होती है, तो संबंधित राजस्व कर्मचारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की हिदायत दी गई। समीक्षा के क्रम में, जिलाधिकारी ने सरकार द्वारा संचालित अन्य कई विकासात्मक योजनाओं की प्रगति और उपलब्धियों की भी समीक्षा की। इस दौरान विद्युत कार्यपालक अभियंता फारबिसगंज को स्मार्ट मीटर के प्रति लोगों में जागरूकता लाने के लिए प्रखंड स्तर पर एक चेक मीटर लगाने का निर्देश दिया गया।

इसके बाद, जिलाधिकारी ने अनुमंडलीय अस्पताल फारबिसगंज में उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया। अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण करते हुए, उन्होंने लोगों को बेहतर चिकित्सकीय सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अस्पताल के प्रसव वार्ड, जनरल ओपीडी, इमरजेंसी सहित अन्य वार्डों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के उपरांत, उन्होंने संबंधित स्वास्थ्य अधिकारियों को अस्पताल में स्वच्छता और रोगियों को सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही, निर्धारित रोस्टर के अनुसार विभिन्न शिफ्ट में चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की ड्यूटी पर उपस्थित रहने का निर्देश भी दिया गया।

जिलाधिकारी ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान फारबिसगंज प्रखंड के हरिपुर पंचायत के एक महादलित टोला का भी निरीक्षण किया। उन्होंने महादलित टोला में नल जल योजना की जानकारी ली और संबंधित कार्यपालक अभियंता को नल जल आपूर्ति से संबंधित समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने के निर्देश दिए। वहीं, प्रखंड विकास पदाधिकारी को आवास सूची में छूटे हुए पात्र लाभार्थियों का नाम जोड़ने के लिए अग्रतर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उक्त पंचायत के महादलित टोले में संचालित विद्यालय और पंचायत भवन का भी जायजा लिया। पंचायत भवन के निकट एक विद्यालय भवन को क्रियाशील बनाने के लिए संबंधित कार्यपालक अभियंता और जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देशित किया गया।

इस मौके पर सिविल सर्जन, अनुमंडल पदाधिकारी फारबिसगंज, जिला पंचायत एवं पंचायती राज पदाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी तथा अन्य संबंधित जिलास्तरीय पदाधिकारी और स्वास्थ्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *