सारस न्यूज़, अररिया।
राष्ट्रीय पोषण अभियान के अंतर्गत मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने तथा कुपोषण व एनीमिया की समस्या से निपटने के उद्देश्य से जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर नियमित रूप से गोदभराई कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस), अररिया के निर्देश पर जिले की सभी परियोजनाओं के अंतर्गत संचालित आंगनवाड़ी केंद्रों में 3 से 4 माह की गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष गोदभराई समारोह आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को संतुलित आहार, स्वच्छता, नियमित स्वास्थ्य जांच तथा सुरक्षित मातृत्व के प्रति जागरूक करना रहा। इस अवसर पर महिलाओं को पोषक सामग्री, फल एवं आवश्यक आहार सामग्री प्रदान की गई तथा एनी।मिया से बचाव और सही पोषण अपनाने संबंधी जानकारी दी गई।
बाल विकास परियोजना पदाधिकारी के मार्गदर्शन में महिला पर्यवेक्षिका, आंगनवाड़ी सेविका एवं सहायिकाओं द्वारा कार्यक्रम का सफल संचालन किया गया। बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं एवं परिवारजन कार्यक्रम में शामिल हुए और इस पहल को मातृ-शिशु स्वास्थ्य के लिए उपयोगी बताते हुए सराहना की।
