• Sun. Sep 14th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

भरगामा प्रखंड मुख्यालय और अस्पताल का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश।

सारस न्यूज, अररिया।

शनिवार को अररिया के जिलाधिकारी अनिल कुमार ने भरगामा प्रखंड मुख्यालय, आरटीपीएस काउंटर और अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सबसे पहले डीएम ने बीडीओ कार्यालय और प्रखंड परिसर का निरीक्षण किया, जहां कार्यालय परिसर की सीमा-बंदी कराने का निर्देश दिया गया। उन्होंने वित्तीय वर्ष में आवास योजना से जुड़ी सभी गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित करने का आदेश भी दिया।

आरटीपीएस काउंटर और आधार केंद्र की स्थिति से वे खासे नाराज नजर आए। कर्मियों के कामकाज पर नाराजगी जताते हुए जल्द-से-जल्द सुधार के निर्देश दिए। आधार सेंटर पर मौजूद पूर्व मुखिया बबलू कुमार रजक ने नागरिकों को होने वाली परेशानियों—जैसे छांव और बैठने की सुविधा की कमी, पानी की अनुपलब्धता आदि—की ओर ध्यान आकर्षित किया। जिलाधिकारी ने सुझाव की सराहना करते हुए बीडीओ को जल्द शेड बनवाने और आधार केंद्र के आसपास आधारभूत सुविधाएं विकसित करने का निर्देश दिया।

पूर्व मुखिया द्वारा भरगामा अस्पताल में चिकित्सकों की कमी का मुद्दा भी उठाया गया। उन्होंने बताया कि कई चिकित्सकों का प्रतिनियोजन जिले के अन्य अस्पतालों में कर दिया गया है, जिससे स्थानीय मरीजों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। डीएम ने इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए समाधान का आश्वासन दिया।इसके अतिरिक्त, अंचल अधिकारी को लंबित परिमार्जन मामलों का त्वरित निपटारा करने को कहा गया। वहीं उपस्थित लोगों से कार्यालयों की कार्यशैली और सेवाओं को लेकर फीडबैक भी लिया गया।

जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को सरकारी सुविधाओं को आम जनता तक पारदर्शिता और कुशलता के साथ पहुंचाने का निर्देश देते हुए यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि सभी कर्मी समय पर कार्यालय पहुंचे। उन्होंने आरटीपीएस काउंटर पर अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने के लिए भी ठोस उपाय करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान बीडीओ शशिभूषण सुमन, सीओ निरंजन कुमार मिश्रा, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी राम कल्याण मंडल, राजस्व पदाधिकारी रविराज, चंदन कुमार, कृषि विभाग के कर्मचारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *