सारस न्यूज, अररिया।
फारबिसगंज के भाजपा विधायक विद्यासागर केशरी ने विधायक जनसंपर्क कार्यालय में क्षेत्र के लोगों की समस्याओं से रूबरू हुए। इस दौरान लोगों ने अपनी-अपनी समस्याओं से विधायक श्री केशरी को अवगत कराते हुए उनके समाधान की मांग की। लोगों को सबसे ज्यादा समस्या बिजली आपूर्ति को लेकर थी। इसके अलावा जमीनी विवाद, बैंकिंग लेनदेन, आवास योजना, कृषि संबंधित कार्यों को लेकर लोगों ने अपनी-अपनी फरियाद रखी।
इस मौके पर विधायक श्री केशरी ने कहा कि एनडीए सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। विधवा महिलाओं, वृद्धजनों और दिव्यांगजनों को अब हर महीने 400 के जगह 1100 रुपये की पेंशन मिलेगी। एनडीए सरकार द्वारा सामाजिक सुरक्षा को और मजबूत करते हुए ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है। अब विधवा महिलाएं, वृद्धजन और दिव्यांगजन हर महीने 1100 रुपये की पेंशन प्राप्त करेंगे जो पहले 400 रुपये थी। यह नई व्यवस्था जुलाई से लागू होगी और लाभार्थियों के खातों में हर महीने की 10 तारीख को यह राशि भेजी जाएगी।
इस ऐतिहासिक निर्णय से राज्य भर के लोगों के साथ-साथ फारबिसगंज विधानसभा क्षेत्र के लोगों को लाभ मिलेगा। यह केवल एक आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि सरकार की संवेदनशील सोच और जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
इस पर विधायक ने बारीकी से उनकी समस्याओं को सुना एवं संबंधित अधिकारियों को फोन लगाकर उनकी समस्याओं के समाधान करने की बात कही। इस मौके पर विधायक श्री केशरी ने कहा कि क्षेत्र का विकास करना उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की अगुवाई में देश निरंतर आगे की ओर बढ़ रहा है। कहा कि हर भारतवासी का सपना है कि 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र बने। इसके लिए सभी देशवासियों को आगे आना होगा, तभी जाकर यह सपना साकार होगा।
इस मौके पर भाजपा नेता मनोज झा, प्रेम केशरी, आयुष कुमार कालू, अमित निराला, बलराम केशरी, सूरज मंडल आदि मौजूद थे।