सारस न्यूज़, अररिया।
भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी (सीपीएम) की लोकल नगर कमिटी अररिया का दूसरा सम्मेलन सोमवार को कॉमरेड ब्रजेश कुमार और अनिता देवी की संयुक्त अध्यक्षता में आंबेडकर कॉलोनी, वार्ड संख्या 07 स्थित जिला पार्टी कार्यालय में आयोजित हुआ। सम्मेलन से पूर्व सर्वप्रथम झंडोत्तोलन किया गया और शहीद वेदी पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। सम्मेलन सत्र शुरू करने से पहले पार्टी के जिला सचिव कॉमरेड राम विनय राय ने शोक सभा का आयोजन किया।
सम्मेलन सत्र का उद्घाटन पार्टी के पूर्व बिहार राज्य सचिव कॉमरेड अवधेश कुमार ने किया। उन्होंने पार्टी का इतिहास और देश में पार्टी द्वारा किए गए कार्यों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि अररिया में मार्क्सवादी सीपीएम का गठन 2017 में हुआ था, लेकिन बहुत कम समय में पार्टी ने अररिया नगर और जिला में मजबूती के साथ विस्तार किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नगर और जिले में पार्टी का आगे भी विकास होगा।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आज आम आदमी की स्थिति गंभीर है। बेरोजगारी और महंगाई के कारण गरीब और अमीर के बीच की खाई काफी बढ़ती जा रही है। गरीब पहले से अधिक गरीब होता जा रहा है, जबकि अमीर और अमीर बनते जा रहे हैं। देश में रोजगार का भयंकर संकट गहराता जा रहा है। उन्होंने देश और दुनिया के वर्तमान हालात पर भी अपने विचार रखे।
सम्मेलन में पिछले दिनों किए गए पार्टी के कार्यों का प्रतिवेदन नगर सचिव कॉमरेड चंद्रशेखर पासवान द्वारा प्रस्तुत किया गया। इसमें पिछले तीन वर्षों में नगर कमिटी द्वारा किए गए कार्यों को विस्तार से बताया गया। सम्मेलन में अररिया नगर कमिटी से जुड़े सभी शाखाओं के पार्टी सदस्यों ने भाग लिया।