सारस न्यूज़, वेब डेस्क।
बिहार के अररिया जिले के फारबिसगंज में एक मामूली विवाद ने भयावह रूप ले लिया, जहां कुछ ही मिनटों के भीतर दो लोगों की मौत हो गई। यह सनसनीखेज घटना शहर के मार्केटिंग यार्ड इलाके में हुई, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत और तनाव फैल गया।मिली जानकारी के अनुसार, पिकअप चालक नबी हुसैन और सत्तू विक्रेता रवि चौहान के बीच गाड़ी साइड देने को लेकर कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि रवि चौहान ने बीच सड़क पर चाकू से नबी हुसैन पर हमला कर दिया और उसकी निर्मम हत्या कर दी।इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हत्या से गुस्साए स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल आरोपी को पुलिस अस्पताल ले गई, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।घटना के बाद स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई। आक्रोशित लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आईं। कुछ जगहों पर एंबुलेंस और अस्पताल में भी नुकसान पहुंचाया गया।पुलिस ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि छोटे-छोटे विवाद किस तरह हिंसक रूप लेकर जानलेवा बन जाते हैं।
