सारस न्यूज, वेब डेस्क।
फारबिसगंज क्षेत्र में वर्षों से लगातार लगने वाले जाम से लोगों को राहत दिलाने के उद्देश्य से बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हाल ही में प्रगति यात्रा के दौरान एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने फारबिसगंज के सुभाष चौक पर रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) के निर्माण का ऐलान किया, जिससे ट्रैफिक समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा।
इस परियोजना को मूर्त रूप देने की दिशा में गुरुवार को एक उच्चस्तरीय टीम ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। इस दल में अपर समाहर्ता राजमोहन झा, जिला भू अर्जन पदाधिकारी मो. वसीम, और अवर निबंधन पदाधिकारी कौशल किशोर प्रमुख रूप से शामिल रहे। अधिकारियों ने पुल निर्माण निगम की प्रतिनिधि टीम के साथ मिलकर सुभाष चौक रेलवे गुमटी, जुम्मन चौक, राम मनोहर लोहिया पथ, जोगबनी मार्ग और मार्केटिंग यार्ड के समीप की जमीन का सर्वेक्षण किया।
बताया गया है कि इस आरओबी की कुल लंबाई 828.40 मीटर होगी और इसे पूरा करने के लिए 36 महीने की समयसीमा तय की गई है। इस परियोजना पर कुल 88.55 करोड़ रुपये की लागत आएगी। निर्माण कार्य बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के वरीय परियोजना अभियंता कार्यालय, कार्य प्रमंडल कटिहार के अंतर्गत संपन्न किया जाएगा, जिसके लिए निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस ओवरब्रिज के निर्माण से फारबिसगंज नगरवासियों को जाम की समस्या से काफी हद तक मुक्ति मिलने की उम्मीद है।