सारस न्यूज, अररिया।
गत सोमवार को कोर्ट परिसर से पुलिस को चकमा देकर हथकड़ी खोलकर फरार हुए गांजा तस्कर को फुलकाहा थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस बारे में जानकारी एसपी अंजनी कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी। एसपी ने बताया कि फरार गांजा तस्कर नरपतगंज थाना क्षेत्र के खैराचंदा निवासी मनीष कुमार दरवे (पिता: दीपक दरवे) को फुलकाहा थाना पुलिस ने पुनः गिरफ्तार कर लिया है। यह तस्कर फुलकाहा थाना कांड संख्या 09/25 (एनडीपीएस एक्ट) में नामजद आरोपित है।
तस्कर मनीष कुमार दरवे गत सोमवार, 13 जनवरी को अररिया कोर्ट परिसर में रिमांड के दौरान हथकड़ी खोलकर पुलिस को चकमा देते हुए फरार हो गया था। फरारी के बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए विशेष अभियान चलाकर आरोपित को पुनः गिरफ्तार कर लिया। फुलकाहा थाना पुलिस की इस सफलता से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक सकारात्मक संदेश गया है। पुलिस अधीक्षक ने इस कार्रवाई के लिए फुलकाहा थाना की टीम की सराहना की है।