सारस न्यूज़, अररिया।
नगर थाना पुलिस और डीआईयू की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बागनगर पंचायत के मटियारी गांव स्थित एक चूड़ा मिल और एक घर में छापेमारी अभियान चलाते हुए 5 लाख रुपये नगद, गहने, और भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। इस दौरान आधा दर्जन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिसकी जानकारी नगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार रजक ने दी।
उन्होंने बताया कि यह छापेमारी अभियान डीआईयू की टीम के साथ गुप्त सूचना के आधार पर किया गया था। छापेमारी में 2.2 क्विंटल गांजा, 5.17 लाख रुपये नगद, एक सोने का नेकलेस, दो बाइक सहित आधा दर्जन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से कुछ लोग आरोपी तस्कर के चूड़ा मिल में मजदूरी का काम करते थे।
छापेमारी के बाद महलगांव थाना क्षेत्र होने के कारण स्थानीय थानाध्यक्ष कनकलता को सूचना दी गई और बरामदगी के साथ गिरफ्तार लोगों को उनके सुपुर्द कर दिया गया। महलगांव थानाध्यक्ष कनकलता ने छापेमारी के दौरान गांजा, रुपये, और अन्य सामग्री के साथ गिरफ्तार लोगों की पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि इस मामले की विस्तृत जानकारी गुरुवार को एसपी अमित रंजन द्वारा आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में दी जाएगी।
मटियारी गांव के स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी तस्कर पिछले कई वर्षों से तस्करी का धंधा कर रहा था और इसके पीछे कई सफेदपोश लोगों का हाथ था, जिससे यह अवैध व्यापार तेजी से फल-फूल रहा था।