Saaras News – सारस न्यूज़ – चुन – चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

नरपतगंज में खौफनाक वारदात: मां ने बेटी को मरवाने की रची साजिश।

सारस न्यूज, अररिया।

अररिया जिले के नरपतगंज प्रखंड अंतर्गत खाब्दह पंचायत के जोगीपुर वार्ड संख्या-4 से गुरुवार देर रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां पारिवारिक विवाद के चलते एक मां ने अपनी ही बेटी पर अपराधियों के साथ मिलकर गोली चलवा दी। 23 वर्षीय पल्लवी कुमारी को सीने और पीठ में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल अवस्था में फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे पूर्णिया के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल वह खतरे से बाहर है।

घटना को लेकर पल्लवी ने अपनी मां फूलो देवी, बहन प्रियंका देवी और चार अज्ञात लोगों के विरुद्ध गोली चलवाने का आरोप लगाया है। बताया गया कि मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ है। सूत्रों के अनुसार, पल्लवी की बड़ी बहन प्रियंका की शादी पहले प्रवेश मंडल से हुई थी, जिनकी मौत के बाद उन्होंने उनके भाई भवेश मंडल से विवाह कर लिया। बाद में भवेश ने पल्लवी से भी शादी कर ली, जिससे घर में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी।

घटना की रात जब पल्लवी अपने पति भवेश मंडल के साथ सो रही थी, तभी अपराधियों ने अचानक धावा बोल दिया और गोलीबारी कर दी। गांव में इस घटना से अफरा-तफरी मच गई। घर में खून के धब्बे और टूटी हुई चीजें भयावह मंजर पेश कर रही हैं।

एसपी अंजनी कुमार ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पल्लवी की मां फूलो देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पीड़िता का फर्द बयान भी दर्ज किया जा रहा है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अन्य आरोपियों की पहचान में जुटी है। इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *