सारस न्यूज़, अररिया।
कड़ी मेहनत और संघर्ष एक दिन जरूर रंग लाते हैं, और फारबिसगंज की कृति गुप्ता ने इस कहावत को सच कर दिखाया है। सुल्तान पोखर वार्ड संख्या 03 के प्रमोद कुमार साह और रीता देवी की पुत्री कृति ने ऑल इंडिया रैंक 03 हासिल कर सेक्शन ऑफिसर हॉर्टिकल्चर, अंडर मिनिस्ट्री ऑफ़ हाउसिंग एंड अर्बन अफेयर्स के पद पर सफलता पाई है। इस ऐतिहासिक सफलता के बाद से उनके घर में उत्सव का माहौल है।
कृति फिलहाल पंजाब एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी, लुधियाना से पीएचडी कर रही हैं, जिसमें हॉर्टिकल्चर एक विशेष शाखा है, जो फल, सब्जियां, फूल, मसाले, और औषधि जैसी फसलों की खेती पर केंद्रित है। सेक्शन ऑफिसर हॉर्टिकल्चर का काम संबंधित विभाग के कर्मचारियों को पर्यवेक्षण, सलाह, और प्रशिक्षण देना होता है।
कृति की शिक्षा यात्रा बेहद प्रेरणादायक रही है। उन्होंने दसवीं तक की पढ़ाई शिशु भारती स्कूल से और 12वीं मिथिला पब्लिक स्कूल से पूरी की। इसके बाद, ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री बिहार कृषि महाविद्यालय, सबौर से हासिल की।
कृति का सपना है कि वह भविष्य में एक कृषि वैज्ञानिक बनकर राष्ट्र के कृषि क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दें। अपनी इस सफलता का श्रेय उन्होंने अपने परिवार को दिया है। उनकी बड़ी बहन शिल्पा कुमारी प्रतापगंज में बीपीआरओ के पद पर कार्यरत हैं।