सारस न्यूज़, अररिया।
अररिया सदर प्रखंड में न्याय मित्र की बहाली प्रक्रिया को लेकर पारदर्शिता की कमी पर सरपंच संघ ने गहरी नाराजगी जताई है। बीते दिनों इस मुद्दे को लेकर सरपंच संघ ने आवाज बुलंद की थी, जिसके बाद अधिकारियों की ओर से सभी सरपंचों को पत्र जारी कर त्वरित रूप से बैठक के लिए आमंत्रित किया गया।
गुरुवार को जब सभी सरपंच प्रखंड मुख्यालय पहुंचे, तो उन्होंने पाया कि न्याय मित्र की बहाली की प्रक्रिया में पारदर्शिता का पूर्णतः अभाव है। इस स्थिति से क्षुब्ध होकर सभी सरपंच बिना किसी वार्ता के बैठक से लौट गए।
सरपंचों ने स्पष्ट आरोप लगाया कि चयन प्रक्रिया में निष्पक्षता नहीं बरती जा रही है। साथ ही, बैठक स्थल पर जनप्रतिनिधियों के लिए जो न्यूनतम आवश्यक सुविधाएं होनी चाहिए थीं, उनकी भी पूरी तरह से अनदेखी की गई। इस उपेक्षा के चलते सरपंच संघ ने बैठक का सामूहिक बहिष्कार किया।
सरपंच संघ ने प्रशासन से मांग की है कि न्याय मित्र की बहाली में पारदर्शी प्रक्रिया अपनाई जाए और जनप्रतिनिधियों के सम्मान तथा सुविधा का समुचित ध्यान रखा जाए।