सारस न्यूज, अररिया।
भरगामा प्रखंड के वीरनगर पूर्वी पंचायत वार्ड संख्या 12 निवासी शिक्षक जुनेद आलम पर गुरुवार सुबह जानलेवा हमला हुआ। वे चैनपुरा स्थित मध्य विद्यालय चैनपुरा में पदस्थापित हैं और प्रतिदिन की तरह मर्निंग क्लास लेने के लिए घर से बाइक से विद्यालय जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने रास्ते में उन्हें रोककर लूटपाट का प्रयास किया।
शिक्षक को जब घटना पर संदेह हुआ तो उन्होंने बाइक की रफ्तार तेज कर भागने की कोशिश की, लेकिन अपराधियों ने पीछा करते हुए उन पर फायरिंग कर दी। गोली सीधे जुनेद आलम की कमर में जा लगी, जिससे वे घायल होकर गिर पड़े। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक हमलावर फरार हो चुके थे।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल शिक्षक को तत्काल मुरलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। जुनेद आलम दो भाई हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार के अन्य सदस्य अस्पताल पहुंच गए। इस घटना से घर में मातम छा गया है।
घायल शिक्षक की बहन मोजीना खातून ने इस हमले के पीछे पंचायत चुनाव से जुड़ी रंजिश की आशंका जताई है। उन्होंने बताया कि जुनेद की पत्नी ने पूर्व में पंचायत चुनाव लड़ा था, जिसमें वे कुछ मतों से पराजित हो गई थीं। हाल ही में पंचायत के वर्तमान मुखिया के निधन के बाद संभावित उपचुनाव की चर्चा शुरू हुई, और जुनेद आलम ने एक बार फिर अपनी पत्नी को मुखिया पद के लिए तैयार करना शुरू कर दिया था। वे पंचायत में सक्रिय रूप से लोगों से संपर्क कर रहे थे और तेजी से लोकप्रियता भी हासिल कर रहे थे।
मोजीना का मानना है कि चुनावी माहौल को प्रभावित करने और जुनेद आलम को रास्ते से हटाने के लिए यह जानलेवा हमला किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की तलाश में जुट गई है।