• Fri. Sep 12th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

महिला संवाद कार्यक्रम: अररिया में 15वें दिन भी जारी जनसरोकार की मजबूत आवाज।

सारस न्यूज, अररिया।

महिला संवाद कार्यक्रम लगातार 15वें दिन भी जारी रहा। महिला संवाद रथ 18 अप्रैल से लगातार जिले के सभी प्रखंडों में भ्रमण कर लोगों तक सरकार के संवाद को पहुंचाने में लगा है। अररिया जिले में कुल 18 महिला संवाद रथ हैं। ये रथ सभी नौ प्रखंडों में 36 जगहों पर दो पालियों में ग्रामीण महिलाओं के साथ संवाद कर रहे हैं। इसके तहत जहां सरकारी योजनाओं की जानकारी लोगों को दी जा रही है, वहीं उनसे उनकी आकांक्षाएं भी पूछी जा रही हैं। जिससे कई सामाजिक, आर्थिक एवं क्षेत्र के विकास की बातें सामने आ रही हैं। इनके पूरा होने पर इसका व्यापक प्रभाव समाज के सभी वर्गों पर पड़ेगा।

महिला संवाद के 15वें दिन शुक्रवार को भी भारी तादाद में महिलाओं ने महिला संवाद कार्यक्रम में शिरकत की। बता दें कि महिला संवाद में अब तक 1 लाख 10 हजार से अधिक महिलाएं शिरकत कर चुकी हैं, जहां उन्होंने अपने इलाके की तरक्की के लिए अपनी आकांक्षाएं भी व्यक्त की हैं। इनमें कई प्रकार की मांगें शामिल हैं—शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार के अलावा कई ऐसे स्थानीय मुद्दे भी इसमें शामिल हैं, जिनका सरोकार समाज के बड़े तबके से है।

अररिया सदर की जानकी देवी ने अपनी आकांक्षा में कहा कि शहर को गांव से जोड़ने के लिए यातायात का उचित प्रबंध नहीं होने से गांव से शहर आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। खासकर शाम के समय बाजार करने के बाद घर जाने में कोई साधन नहीं रहने से घर पहुंचने में काफी परेशानी होती है। इसलिए संबंधित विभाग को इस ओर ध्यान देने की जरूरत है।

इसके अलावा कई महिलाओं ने गांव में उचित स्वास्थ्य सुविधा नहीं होने से होने वाली परेशानियों का जिक्र किया। कुछ महिलाओं ने रोजगार के अभाव में होने वाले पलायन को बड़ा मुद्दा बताया। इस हालत में बाढ़ या दूसरी आपात स्थिति में परिवार की परेशानी काफी बढ़ जाती है। इसलिए सरकार को इस ओर ध्यान देना चाहिए, ताकि इस इलाके से होने वाले पलायन को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *