सारस न्यूज, अररिया।
अखिल भारतीय केन्द्रीय कर अधीक्षकों के अखिल भारतीय संगठन की बिहार-झारखंड प्रतिनिधि कार्यकारिणी निकाय की एक बैठक शनिवार को सीमा शुल्क सदन, जोगबनी के सभा कक्ष में संगठन के बिहार-झारखंड अध्यक्ष शशिरंजन की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में अधीक्षकों के हितों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान से हुई, तत्पश्चात महासचिव संजय मिश्रा द्वारा विगत आम सभा के बाद किए गए कार्यों का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया।
बैठक में अधीक्षकों की सेवा शर्तें, वेतन एवं विभाग की आधारभूत संरचना आदि पर विस्तार से चर्चा की गई। अधीक्षक से सहायक आयुक्त पद पर पदोन्नति में अकारण विलंब पर गहरी निराशा व्यक्त की गई तथा इस मुद्दे को संगठन के अखिल भारतीय पदाधिकारियों और विभाग के सक्षम अधिकारियों के समक्ष गंभीरता से उठाने पर आम सहमति बनी। साथ ही वार्षिक तबादलों में स्थानांतरण नियमावली का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया गया और यह विषय भी अधिकारियों के समक्ष गंभीरता से रखने का निर्णय लिया गया।
बैठक में मुख्य रूप से जमशेदपुर सीमा सदन से संतोष कृष्ण पाणिनि, रांची से संजीव कुमार झा, दिनेश कुमार, देवघर से अभिषेक कुमार, धनबाद से सतेंद्र कुमार, पटना से अजय कुमार, सूर्यमणि एवं सीमा शुल्क सदन जोगबनी से सुधीर कुमार, संजय रंजन, नवीन मोहन सहाय, नलिनी सिंह, दीनानाथ मुंडा सहित कई अधीक्षक शामिल थे।