• Fri. Feb 13th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

नरपतगंज में भारी वाहन उपमार्ग निर्माण को लेकर सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने लोकसभा में उठाई मांग।

सारस न्यूज़, अररिया।

अररिया लोकसभा क्षेत्र के सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने गुरुवार को लोकसभा में सीमांचल क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण मांग को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने नरपतगंज स्थित NH-57 पर भारी वाहनों के लिए वेहिकुलर अंडरपास (VUP) के निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू करने की मांग की।सांसद ने सदन को संबोधित करते हुए बताया कि पटना को सीधे पश्चिम बंगाल से जोड़ने वाला यह राष्ट्रीय राजमार्ग अररिया जिले के नरपतगंज से होकर गुजरता है। नरपतगंज बाजार के पास इस राजमार्ग के नीचे से गुजरने वाली सड़क भागलपुर को सीधे नेपाल से जोड़ती है, जिससे यह मार्ग अंतरराज्यीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाता है।उन्होंने कहा कि वर्तमान में यहां केवल पैदल यात्री अंडरपास (PUP) उपलब्ध है, जिसके कारण भारी वाहनों की आवाजाही में गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। आए दिन जाम लगने की स्थिति बनती है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और परिवहन क्षेत्र से जुड़े लोगों द्वारा लंबे समय से यहां भारी वाहन उपमार्ग के निर्माण की मांग की जा रही है।सांसद ने यह भी जानकारी दी कि सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा लगभग एक वर्ष पूर्व इस परियोजना को स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है तथा विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR) भी तैयार कर लिया गया है। इसके बावजूद अब तक निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं होना क्षेत्रवासियों के लिए निराशाजनक है।उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री से आग्रह किया कि नरपतगंज स्थित इस महत्वपूर्ण स्थान पर पैदल यात्री अंडरपास के स्थान पर शीघ्र वेहिकुलर अंडरपास का निर्माण प्रारंभ कराया जाए, ताकि सीमांचल क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके, दुर्घटनाओं में कमी आए और व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिल सके।सांसद ने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार इस जनहित से जुड़े मुद्दे पर शीघ्र सकारात्मक कदम उठाएगी और सीमांचल की लंबे समय से लंबित इस मांग को पूरा करेगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *