सारस न्यूज, वेब डेस्क।
राज्य के सभी सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त प्रारंभिक विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक की अर्द्धवार्षिक परीक्षा 2025 के कार्यक्रम में संशोधन किया गया है। अब यह परीक्षा पहले तय समय सीमा से तीन दिन अधिक चलेगी।
मध्य विद्यालय बलचंदा के प्रधानाध्यापक बिजेन्द्र मंडल ने जानकारी देते हुए बताया कि संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अर्द्धवार्षिक परीक्षा अब 10 सितंबर से 18 सितंबर तक आयोजित की जाएगी। पहले यह परीक्षा 10 से 15 सितंबर तक निर्धारित थी, लेकिन कुछ प्रशासनिक कारणों से इसमें बदलाव किया गया है।
उन्होंने बताया कि परीक्षा का आयोजन दो पालियों में किया जाएगा। प्रथम पाली सुबह 10 बजे से 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक चलेगी।
इसके साथ ही छात्रों की सह-शैक्षणिक गतिविधियों का भी मूल्यांकन किया जाएगा, जिससे उनकी सर्वांगीण प्रतिभा का आकलन किया जा सके। शिक्षा विभाग का उद्देश्य छात्रों की केवल शैक्षणिक नहीं, बल्कि अन्य गतिविधियों में भी भागीदारी को सुनिश्चित करना है।
प्रधानाध्यापक मंडल ने सभी विद्यार्थियों और अभिभावकों से समय पर तैयारी पूरी करने और परीक्षा के दौरान निर्धारित समय-सारणी का पालन करने की अपील की है।
यह संशोधित कार्यक्रम जिला शिक्षा कार्यालय द्वारा सभी संबंधित स्कूलों को भेज दिया गया है। अब शिक्षक और छात्र दोनों ही नए कार्यक्रम के अनुसार तैयारी में जुट गए हैं।