सारस न्यूज, अररिया।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सह नगर पार्षद चांदनी सिंह के आवास सह कार्यालय परिसर में गुरुवार को एक कार्यक्रम का आयोजन कर स्थानीय सेवानिवृत्त शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री नम्रता सिंह द्वारा किया गया। भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष चांदनी सिंह ने बताया कि गुरु पूर्णिमा पर गुरुओं का सम्मान करना एक सराहनीय कार्य है। यह दिन शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है, जिन्होंने अपने जीवन के महत्वपूर्ण वर्ष छात्रों को शिक्षित करने में समर्पित किए हैं। इस अवसर पर, सेवानिवृत्त शिक्षकों को सम्मानित करके, समाज उनके योगदान को मान्यता देता है और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता है।
गुरु पूर्णिमा, जिसे व्यास पूर्णिमा के नाम से भी जाना जाता है, हिंदू, जैन और बौद्ध धर्मों में एक महत्वपूर्ण त्योहार है। यह त्योहार आध्यात्मिक और शैक्षिक गुरुओं के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए मनाया जाता है।
सम्मानित शिक्षिकाओं में मीणा नायक, मंदिरा शर्मा, सुनीता देवी, अफसा रूही, किरण झा सहित दर्जनों शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महिला मोर्चा की कोषाध्यक्ष ममता कुमारी, मंत्री प्रियंका कुमारी, विमला देवी, रानी देवी सहित अन्य उपस्थित थीं।