सारस न्यूज़, अररिया।
राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन और जिला जनसंपर्क कार्यालय, अररिया के संयुक्त तत्वावधान में “चेंजिंग नेचर ऑफ प्रेस” विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रभारी जिलाधिकारी सह अपर समाहर्ता, श्री राजमोहन झा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया, जिसमें पदाधिकारी और प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

संगोष्ठी में जिला स्तरीय अधिकारियों और मीडिया कर्मियों ने “चेंजिंग नेचर ऑफ प्रेस” विषय पर अपने विचार रखे। उन्होंने वर्तमान मीडिया की चुनौतियों, तकनीकी प्रगति के कारण बदलते स्वरूप, और प्रशासन एवं मीडिया के आपसी संबंधों पर चर्चा की। सभी उपस्थित मीडिया कर्मियों और अधिकारियों का स्वागत सहायक निदेशक, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, नीतेश कुमार पाठक ने पौधा देकर किया।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता राजमोहन झा ने मीडिया कर्मियों को राष्ट्रीय प्रेस दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत जैसे लोकतांत्रिक देश में प्रेस एक सजग प्रहरी की भूमिका निभाता रहा है। उन्होंने जिले के मीडिया कर्मियों से इस जागरूकता को बनाए रखने की अपील की।
इसके अलावा, महिला एवं बाल विकास निगम अररिया के तत्वावधान में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना, दहेज उन्मूलन, बाल विवाह और लैंगिक हिंसा जैसे विषयों पर एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में जिला प्रोग्राम पदाधिकारी सह नोडल पदाधिकारी, मिशन शक्ति, मंजुला कुमारी व्यास ने महिला विकास निगम की विभिन्न योजनाओं पर विस्तृत जानकारी दी।

इस मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राम पुकार सिंह, जिला उप-निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. रामबाबू कुमार, वरीय उप समाहर्ता संजय कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी मनीष कुमार, सहायक निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण सुबोध कुमार, और जिला नियोजन पदाधिकारी अकीफ वक्कास सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित थे।