Saaras News – सारस न्यूज़ – चुन – चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

पशुपति पारस ने अररिया में कार्यकर्ता सम्मेलन में लिया भाग, विधानसभा चुनाव की रणनीति पर की चर्चा।

सारस न्यूज, अररिया।


राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (RLJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस ने अररिया में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लिया। इस अवसर पर पूर्व सांसद प्रिंस राज भी उनके साथ थे। सम्मेलन में पशुपति पारस ने पार्टी के संगठन को मजबूत करने के लिए बिहार भर में चल रही कार्यकर्ता बैठकों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी बिहार की 243 सीटों पर चुनाव लड़ने की योजना बना रही है। इसके अलावा, गठबंधन पर अंतिम निर्णय पार्टी कार्यकर्ताओं से चर्चा के बाद लिया जाएगा।

पारस ने हाल ही में एनडीए सरकार द्वारा पेश किए गए वक्फ संशोधन विधेयक पर भी विरोध जताया और इसे पूरी तरह से गलत बताया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी इस विधेयक का कड़े शब्दों में विरोध करती है।

इस मौके पर पूर्व सांसद प्रिंस राज ने भी चिराग पासवान पर हमला करते हुए कहा कि वह बिहार के लोगों की सहानुभूति हासिल करने के लिए नाटक करते रहते हैं। प्रिंस राज ने आरोप लगाया कि अगर चिराग पासवान को अपनी मां की तबियत की चिंता थी, तो वह पहले उन्हें इलाज के लिए भेज सकते थे, लेकिन उन्होंने इसका फायदा केवल राजनीतिक सहानुभूति जुटाने के लिए उठाया। प्रिंस राज ने कहा कि जनता सब देख रही है कि किसने किसके साथ क्या किया है।

पारस और प्रिंस राज दोनों ने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार रहने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *