सारस न्यूज़, अररिया।
गलवार को फारबिसगंज-जोगबनी मुख्य मार्ग पर मटियारी के पास एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन की टक्कर में एसएसबी के दो जवान घायल हो गए। दोनों जवान बाइक से बथनाहा कैंप जा रहे थे कि तभी विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार गाड़ी ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल, फारबिसगंज में भर्ती कराया गया। वहां डॉ. नवल किशोर व अन्य चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार घायलों की पहचान एसएसबी जवान कुलदीप और नरेंद्र के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही बथनाहा एसएसबी कैंप से अधिकारी अस्पताल पहुंचे और इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने डॉक्टरों से दोनों जवानों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके समुचित इलाज के लिए हरसंभव प्रयास करने की बात कही।
घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर अफरातफरी का माहौल रहा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।