सारस न्यूज, अररिया।
अररिया जिले के बांसवाड़ी वार्ड संख्या 09 में मकई के खेत में एक युवती का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृत युवती की पहचान रेहाना (19 वर्ष) पिता अबू बकर के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों के बीच कोहराम मच गया। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
घटना को लेकर रेहाना के चचेरे भाई मोहम्मद अकमल ने बताया कि रेहाना पशुओं के लिए चारा लाने खेत गई थी। जब वह काफी देर तक घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। खोजबीन के दौरान मकई के खेत में उसका शव देखा गया। शव मिलने की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया और आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना नगर थाना पुलिस को दी।
घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल अररिया भेज दिया। नगर थाना अध्यक्ष मनीष कुमार रजक ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग तरह-तरह की अटकलें लगा रहे हैं, लेकिन पुलिस ने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, और वे रेहाना की असामयिक मृत्यु से गहरे सदमे में हैं। वहीं, मामले को लेकर अररिया एसपी अंजनी कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।