सारस न्यूज़, अररिया।
अररिया: 11 जून 2025 — 52वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, अररिया के कमांडेंट श्री महेंद्र प्रताप के निर्देशन में बुधवार को लैलोखर सीमा चौकी के अंतर्गत स्थित गांव पहुंसी में एक दिवसीय निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में क्षेत्रीय मुख्यालय पूर्णिया से आए उप कमांडेंट (पशु चिकित्सा) डॉ. घनश्याम पटेल द्वारा पशुओं की स्वास्थ्य जांच की गई और उन्हें आवश्यक उपचार प्रदान किया गया। पशुपालकों को निशुल्क दवाएं भी वितरित की गईं। इसके अतिरिक्त, मौसमी रोगों से संबंधित सावधानियों और रोकथाम के उपायों की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई।

इस दौरान कुल 157 पशुओं की जांच एवं इलाज किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य न सिर्फ पशु स्वास्थ्य सुधारना था, बल्कि ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जागरूक करना भी था।
शिविर के दौरान सशस्त्र सीमा बल के जवानों ने गृह मंत्रालय के निर्देशानुसार “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान, नशे के दुष्प्रभाव, और “भारत के वीर” पोर्टल की जानकारी साझा की। साथ ही ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर फलों और सब्जियों की खेती बढ़ाने हेतु प्रेरित किया गया, जिससे न केवल सैनिकों को ताजे उत्पाद मिल सकें बल्कि ग्रामीणों को भी आर्थिक लाभ हो।
एसएसबी द्वारा सीमावर्ती इलाकों में इस प्रकार के जनकल्याणकारी शिविर और जागरूकता अभियान समय-समय पर चलाए जाते हैं, जिससे ग्रामीण सीधे तौर पर लाभान्वित होते हैं।
इस अवसर पर सहायक कमांडेंट श्री मोहित भार्गव, निरीक्षक गंगाराम, मु.आ. प्रशांत कुमार पांडेय, आ. कृष्ण मिलन यादव सहित कई अन्य बल कर्मी उपस्थित थे। ग्रामीणों ने एसएसबी द्वारा किए गए इस प्रयास की सराहना की और इसे अत्यंत लाभकारी बताया।