सारस न्यूज, अररिया।
प्रखंड के खैरखां पंचायत में अवस्थित एचडब्लूसी में शुक्रवार को एक प्रसव पीड़िता का सामान्य (नॉर्मल) प्रसव हो गया था। जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ थे और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। घर लौटने के कुछ समय बाद ही प्रसव पीड़िता की अचानक तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। इस घटना से मृतका के घर में कोहराम मच गया।
मृतका की पहचान 29 वर्षीय सोनी देवी के रूप में हुई है, जो बोचाभाग पंचायत के वार्ड संख्या 06 की निवासी थीं। उनके पति का नाम धर्मेंद्र कुमार दास है। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार सुबह प्रसव पीड़ा होने पर वे सोनी देवी को खैरखां स्थित एचडब्लूसी ले गए थे, जहां सामान्य प्रसव हुआ। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद वे जच्चा-बच्चा को घर ले आए।
घर पहुंचने के कुछ देर बाद ही सोनी देवी की तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं नवजात बच्चा स्वस्थ बताया जा रहा है।
प्रसव पीड़िता की मौत के बाद शोकाकुल परिजनों ने एचडब्लूसी में लापरवाही का आरोप लगाया है। मृतका का शव परिजन घर लेकर चले गए। सूचना मिलते ही मुखिया प्रदीप कुमार मंडल समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण परिजनों को ढाढ़स बंधाने पहुंचे।
क्या कहते हैं पीएचसी प्रभारी:
इस संदर्भ में पूछे जाने पर पीएचसी प्रभारी डॉ. राजीव कुमार बसाक ने बताया कि शुक्रवार को खैरखां एचडब्लूसी में प्रसव पीड़िता का सामान्य और सुरक्षित प्रसव हुआ था। जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ थे, इसलिए उन्हें छुट्टी दे दी गई। उन्होंने कहा कि प्रसव पीड़िता की मौत एचडब्लूसी में नहीं हुई है। घर पर क्या हुआ, कैसे तबीयत बिगड़ी और मृत्यु हुई, यह मृतका के परिजन ही स्पष्ट कर सकते हैं।