सारस न्यूज, अररिया।
भरगामा के चरैया हाट स्थित वार्ड संख्या 14 में सोमवार देर रात चोरों ने रिटायर्ड शिक्षक विनय कुमार झा के सूने घर को निशाना बनाते हुए लाखों के कीमती सामान की चोरी कर ली। चोरों ने मुख्य गेट का ग्रिल काटकर घर में प्रवेश किया और गोदरेज अलमारी के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, साड़ियां और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि रिटायर्ड शिक्षक विनय कुमार झा अपने परिवार के साथ देवघर में रहते हैं और कभी-कभी ही अपने पैतृक घर आते हैं। चोरों ने घर की निगरानी कर इस घटना को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलते ही भरगामा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने कहा कि चोरी की घटना की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि चोरों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। थानाध्यक्ष ने बताया कि मोबाइल पर पीड़ित परिवार से संपर्क कर उन्हें थाना में आवेदन देने को कहा गया है।

चोरी की घटना के बाद रिटायर्ड शिक्षक के भाई मंटू झा ने बताया कि चोरों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया है। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द कार्रवाई कर चोरों को पकड़ने की मांग की है। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं। आए दिन हो रही चोरी की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।