• Wed. Dec 17th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

महाशिवरात्रि 2025 के अवसर पर अररिया में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम: 68 स्थानों पर दंडाधिकारियों और पुलिस की प्रतिनियुक्ति

प्रतिनिधि, सारस न्यूज़, अररिया।

महाशिवरात्रि पर्व 2025 को लेकर जिला पदाधिकारी श्री अनिल कुमार और पुलिस अधीक्षक श्री अंजनी कुमार ने संयुक्त आदेश जारी किया है, जिसके तहत अररिया और फारबिसगंज अनुमंडल में कुल 68 स्थलों पर दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अलावा, सभी थाना क्षेत्रों में गश्ती दल भी तैनात किए गए हैं।

इस आदेश के तहत, संबंधित दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे किसी भी असामाजिक या उपद्रवी तत्वों द्वारा पर्व के दौरान कोई गड़बड़ी फैलाने की कोशिश को प्रभावी ढंग से विफल करें। महाशिवरात्रि के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाएगी।

प्रतिनियुक्ति 26 फरवरी 2025 से 27 फरवरी 2025 तक के लिए होगी, और सभी दंडाधिकारी/पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल 25 फरवरी 2025 के अपराह्न में अपनी-अपनी जगह पर पहुँच जाएंगे और संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी/थानाध्यक्ष को अपनी रिपोर्ट देंगे। वे केवल तब ही अपने स्थान छोड़ेंगे, जब उनके क्षेत्र में पूरी तरह शांति और अमन-चैन हो और पर्व शांतिपूर्वक संपन्न हो चुका हो।

इसके साथ ही, जिला अग्निशामक पदाधिकारी को भी सुनिश्चित किया गया है कि अग्निशामक दस्ते तैयार और मुस्तैद रहें। जिला नियंत्रण कक्ष, जो अररिया समाहरणालय में स्थित आपदा कार्यालय में कार्यरत है, के नंबर 06453-222309 पर किसी भी आपातकालीन स्थिति में संपर्क किया जा सकता है। वहीं अनुमंडल नियंत्रण कक्ष अररिया (06453-222070) और फारबिसगंज (06455-295202) भी कार्यरत रहेंगे।

अस्पतालों में विशेष आकस्मिक दवाओं की व्यवस्था सिविल सर्जन, अररिया द्वारा की जाएगी। साथ ही, सभी प्रखंडों के वरीय उप समाहर्ता अपने क्षेत्रों में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए समन्वय बनाकर लगातार क्षेत्र का भ्रमण करेंगे। पूरे जिले की विधि व्यवस्था के प्रभार में अपर समाहर्ता श्री राज मोहने झा रहेंगे, जबकि अनुमंडल पदाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने अनुमंडल क्षेत्र में विधि व्यवस्था की निगरानी करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *