सारस न्यूज़, अररिया।
एसएसबी 52वीं वाहिनी अररिया के कमांडेंट महेंद्र प्रताप के निर्देशन और निरीक्षक उमेश कुमार के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर विशेष अभियान चलाते हुए सीमा पर 90 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। इसके बाद दोनों आरोपियों को कुर्साकाटा पुलिस के हवाले कर दिया गया।
इस मामले की जानकारी देते हुए पार्टी कमांडर उमेश कुमार ने बताया कि 22 अक्तूबर को सुबह करीब 7:10 बजे सूचना मिली थी कि 2-3 तस्कर बाइक (पंजीकरण संख्या BR 11BK 4104) से सोनापुर इलाके में मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त करने जा रहे हैं। सूचना के आधार पर सीमा चौकी कुआरी द्वारा एक विशेष टीम का गठन किया गया और सोनापुर के कच्चे रास्ते पर नाका लगाया गया।
कुछ समय बाद मुख्य मार्ग से एक बाइक आती दिखी, जिसे देख तस्कर भागने का प्रयास करने लगे। काफी प्रयास के बाद एसएसबी के जवानों ने उन्हें पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से 3 मोबाइल फोन और एक बाइक बरामद हुई। बाइक की जांच करने पर स्पीडोमीटर के नीचे छिपाकर रखी गई काले रंग की पॉलीथिन में एक पाउच मिला, जिसमें संदिग्ध मादक पदार्थ (स्मैक) पाया गया।
पूछताछ में पकड़े गए तस्करों ने अपनी पहचान ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के जमुवा खामगरा निवासी अमित सागर (21) पुत्र देवराज झा और कुर्साकाटा के भोडाहा पंचायत निवासी विकास कुमार मंडल (20) पुत्र रमेश प्रसाद मंडल के रूप में बताई। सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद, बरामद सामान की सूची तैयार कर दोनों आरोपियों को कुर्साकाटा थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।
इस अभियान में सउनि संजय कुमार, आ. ऋषि मिश्रा, नवीन कुमार स्वामी, गौतम कुमार, शीवा सिंह, नीरज कुमार और आ. चालक विनोद कुमार शामिल थे।