• Fri. Apr 3rd, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

महिला संवाद में उठी आवाज़ – पंचायत स्तर पर सूचना एवं सहायता केंद्र खोलने की मांग, योजनाओं से जुड़ने को महिलाएं हो रही जागरूक।

राहुल कुमार, सारस न्यूज, किशनगंज।

किशनगंज सदर प्रखंड के टेउसा पंचायत की रुकेया खातुन ने महिला संवाद कार्यक्रम में महिलाओं को सभी तरह की जानकारी और मदद के लिए प्रखंड व पंचायत स्तर पर सूचना सह सहायता केंद्र खोलने की आकांक्षा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इससे निरक्षर, कम पढ़ी-लिखी महिलाओं को योजनाओं का लाभ एवं अन्य सरकारी सहायता के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। अधिकांश महिलाएं जानकारी के अभाव में सरकार की योजनाओं की जानकारी नहीं ले पाती हैं। उन्होंने इस दिशा में प्रयास की बात कही।

महिला संवाद कार्यक्रम में महिलाओं के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। योजनाओं से संबंधित लीफलेट उनके बीच वितरित किए जा रहे हैं। इससे संबंधित वीडियो फिल्म भी दिखाई जा रही है, ताकि महिलाएं अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ लेकर प्रगति कर सकें।

मुख्यमंत्री महिला उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, मुख्यमंत्री बालिका पोशाक योजना, बालिका साइकिल योजना, स्नातक प्रोत्साहन योजना, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, औजार एवं हुनर कार्यक्रम, बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, अक्षर आंचल योजना, अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन अनुदान योजना, मुख्यमंत्री किशोरी स्वास्थ्य योजना, सिविल सेवा प्रोत्साहन राशि योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, सतत जीविकोपार्जन योजना, महिला हेल्पलाइन, वन स्टॉप सेंटर, महिलाओं के लिए सरकारी नौकरी में 35 प्रतिशत आरक्षण, पंचायती राज व नगर निकाय चुनाव में 50 प्रतिशत आरक्षण इत्यादि योजनाओं की जानकारी महिला संवाद कार्यक्रम में दी जा रही है।

सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर प्रगति करने वाली महिलाओं के अनुभव भी साझा किए जा रहे हैं, जिससे अन्य महिलाएं प्रेरित हो सकें। महिला संवाद कार्यक्रम में योजनाओं के लाभ लेने में आ रही चुनौतियों पर भी महिलाएं अपनी बात रख रही हैं।

कार्यक्रम में कोचाधामन प्रखंड के बलिया पंचायत की मेहरूनिशा ने महिलाओं की मदद और उन्हें जानकारी देने के लिए पंचायत एवं प्रखंड स्तर पर सहायता केंद्र खोलने की मांग दोहराई, जिससे इन चुनौतियों से निपटने में मदद मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *