Saaras News – सारस न्यूज़ – चुन – चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

पति पर पत्नी की हत्या का आरोप, ससुराल पक्ष फरार – पुलिस कर रही छानबीन।

सारस न्यूज़, अररिया।


आमगाछी के ऋषिदेव टोला की घटना ने मचाई सनसनी

जोगबनी
जोगबनी थाना क्षेत्र के आमगाछी स्थित ऋषिदेव टोला में शनिवार को एक 26 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान ममता देवी के रूप में हुई है। ममता के शरीर पर कई जगहों पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। मृतका के मायके पक्ष ने पति समेत ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

घटना की जानकारी गांव वालों ने ममता के परिजनों को दी। सूचना मिलते ही ममता की मां जगिया देवी, भाई छेदी ऋषिदेव और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि ममता का शव घर के अंदर पड़ा था, नाक से झागनुमा सफेद द्रव्य निकल रहा था और घर में ससुराल पक्ष का कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था। सभी लोग फरार थे।

मृतका के भाई छेदी ऋषिदेव ने जोगबनी थाना में पति अरुण ऋषिदेव, ससुर, और देवर के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

जोगबनी थानाध्यक्ष राजीव कुमार आजाद ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ऐसा प्रतीत होता है कि ममता की हत्या किसी भारी वस्तु, संभवतः पत्थरशीला से की गई है। शव पर छाती, गले और शरीर के अन्य हिस्सों में गहरी चोट के निशान पाए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।

गौरतलब है कि ममता की अरुण ऋषिदेव से शादी दो वर्ष पूर्व हुई थी। ममता की यह दूसरी शादी थी और वह नेपाल के मोरंग जिले के जहदा वार्ड नंबर 5 की मूल निवासी थी। शुरूआती दिनों में वह ससुराल में खुश बताई जाती थी, लेकिन शुक्रवार की रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। इसके बाद शनिवार सुबह उसकी लाश मिली।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *