• Fri. Sep 12th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

जिले के 36 पंचायतों में महिला संवाद कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न।

सारस न्यूज, अररिया।

शनिवार को महिला संवाद अभियान के दूसरे दिन अररिया जिले के सभी 9 प्रखंडों की कुल 36 पंचायतों में महिला संवाद का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम दो सत्रों में आयोजित हुआ, जिसमें ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़ी अहम जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने न केवल योजनाओं को लेकर जिज्ञासा जताई बल्कि अपने क्षेत्र की बेहतरी के लिए अनेक अपेक्षाएं और सुझाव भी साझा किए। सरकार की ओर से इन विचारों को गंभीरता से लेते हुए भविष्य में नीतिगत रूप से शामिल करने की दिशा में काम किया जाएगा।

गौरतलब है कि महिला सशक्तिकरण के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 18 अप्रैल 2025 को माननीय मुख्यमंत्री ने ‘महिला संवाद रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। यह रथ राज्य के सभी 38 जिलों के विभिन्न इलाकों में जाकर महिलाओं को कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करवा रहा है। साथ ही, महिलाओं की आकांक्षाओं और समस्याओं को जानकर उन्हें सरकार तक पहुँचाने का कार्य भी कर रहा है।

यह रथ आधुनिक तकनीक से सुसज्जित है, जिसमें ऑडियो-विजुअल माध्यम से विशेष जानकारी और संवाद को प्रदर्शित किया जाता है। संवाद कार्यक्रम को दो पालियों में आयोजित किया जा रहा है – सुबह 9 से 11 बजे तक और शाम 4 से 6 बजे तक। निर्धारित समय पर यह संवाद रथ संबंधित स्थानों पर पहुंचकर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दे रहा है, जिसमें महिलाओं समेत बड़ी संख्या में लोग हिस्सा ले रहे हैं। इससे न केवल जानकारी का प्रसार हो रहा है, बल्कि योजना लाभ लेने के प्रति जागरूकता भी बढ़ रही है, जिसे एक सकारात्मक पहल कहा जा सकता है।

महिला संवाद का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सरकारी योजनाओं से अवगत कराना, उनके गांव-टोले से जुड़ी प्राथमिक समस्याओं और अपेक्षाओं को दर्ज कर समाधान की दिशा में कदम उठाना, तथा इन जानकारियों के आधार पर योजनाओं और नीतियों का गठन करना है, जिससे महिलाओं की वास्तविक आवश्यकताओं को बेहतर ढंग से नीति-निर्माण में शामिल किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *