Saaras News – सारस न्यूज़ – चुन – चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

प्रधानमंत्री मोदी ने नीतीश कुमार के साथ मिलकर की अमेरिकी राष्ट्रपति से मुलाकात।




सारस न्यूज, वेब डेस्क।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शनिवार को जी-20 में शामिल होने आए राष्ट्राध्यक्षों व देश के विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों को राष्ट्रपति भवन में भोज के लिए आमंत्रित किया था। भोज की एक तस्वीर रविवार को खूब चर्चा में रही। इसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ नीतीश कुमार प्रसन्न मुद्रा में खड़े नजर आ रहे हैं। तस्वीर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन भी हैं।

बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को प्रधानमंत्री ने अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन से मुलाकात कराई और उनके बारे में बताया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर डाली गई इस तस्वीर की राजनीतिक गलियारे में खूब चर्चा हो रही है।

तीन घंटे तक नीतीश कुमार राष्ट्रपति भवन में रहे
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शनिवार को पटना से दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। शाम में राष्ट्रपति भवन में भोज का आयोजन था। वह करीब तीन घंटे तक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा आयोजित जी-20 में आए राष्ट्राध्यक्षों व अलग-अलग राज्यों के मुख्यमंत्री के सम्मान में दिए गए भोज में मौजूद रहे।

कई केंद्रीय मंत्रियों के साथ थी टेबल
राष्ट्रपति के भोज में जिस टेबल पर मु्ख्यमंत्री नीतीश कुमार के बैठने की व्यवस्था की गई थी, उस पर उनके साथ में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल, अर्जुन मुंडा व विदेश सचिव के बैठने का भी इंतजाम था।

मारीशस से आए लोगों से भी मुख्यमंत्री की हुई मुलाकात
राष्ट्रपति भवन में आयोजित भोज में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मारीशस से आए लोगों से भी भेंट की। कई मुद्दों पर विचार विमर्श हुआ। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री की मुलाकात कई केंद्रीय मंत्री व मुख्यमंत्रियों से भी हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *