सारस न्यूज टीम, मोरबी, गुजरात।
गुजरात के मोरबी में रविवार शाम करीब 6.30 बजे केबल सस्पेंशन ब्रिज टूटने से करीब 400 लोग मच्छु नदी में गिर गए। मोरबी के पूर्व भाजपा विधायक कांति अमृतिया ने दावा किया है कि हादसे में अब तक 60 लोगों के शव निकाले जा चुके हैं। इनमें 10 से ज्यादा बच्चे भी शामिल हैं। हालांकि गुजरात के गृहमंत्री हर्ष सांघवी ने सात लोगों की मौत और 70 लोगों के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी दी है।

बता दें कि यह पुल पिछले 6 महीने से बंद था। हाल ही में करीब 2 करोड़ रुपए की लागत से इसके मरम्मत का काम पूरा किया गया था। दिवाली के एक दिन बाद यानी 25 अक्टूबर को इसे आम लोगों के लिए खोला गया था। जिला प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर (02822243300) जारी किया है। ब्रिज की क्षमता करीब 100 लोगों की है, लेकिन रविवार की छुट्टी होने के चलते इस पर करीब 500 लोग जमा थे। यही हादसे की वजह बना। भास्कर को मोरबी के भाजपा सांसद मोहन कुंडारिया ने बताया कि पुल टूटने से जहां लोग गिरे वहां 15 फीट तक पानी था।
पीएम मोदी ने की सीएम पटेल से बात की
हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। उन्होंने सीएम भूपेंद्र पटेल से घटना की जानकारी ली और मृतकों के आश्रितों को दो लाख और घायलों को 50 हजार रुपए की सहायता देने का ऐलान किया है। सीएम पटेल ने बताया कि राहत और बचाव कार्य जारी है। तत्काल उपचार की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। मैं जिला प्रशासन के लगातार संपर्क में हूं।
रेस्क्यू के लिए एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें लगीं घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर मौजूद हैं। इसके अलावा कच्छ और राजकोट से तैराकों और सात दमकल की टीमें रवाना की गई हैं। कंट्रोल रूम और हेल्प लाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। सीएम भूपेंद्र पटेल खुद मोरबी के लिए रवाना हो गए हैं।
