सारस न्यूज, वेब डेस्क।
बिहार में मॉनसून के कमजोर पड़ने और बारिश की गतिविधियां थमने के बाद उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल हैं। सूबे में अधिकतम तापमान 39 के पार पहुंच गया है। बारिश की कमी का ग्राफ भी तेजी से बढ़ता जा रहा है। अगले दो दिनों में बारिश का कोई पूर्वानुमान न होने से समस्या और बढ़ेगी। मौसम विभाग की मानें तो राजधानी पटना समेत अन्य जिलों में अभी दो दिन और लोगों को धूप और उमस भड़ी गर्मी से बेहाल होना पड़ेगा।
मौसम विभाग ने उत्तर बिहार में 23 और 24 जुलाई के लिए मेघ गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने का पूर्वानुमान लगाया है, और अलर्ट रहने को कहा है। वहीं दक्षिण बिहार में बारिश का टोटा अभी बना रहेगा। हालांकि शुक्रवार को राज्यभर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री बक्सर में दर्ज किया गया। पटना में दिन में गुरुवार को कुछ देर के लिए आंशिक बादलों की आवाजाही रही लेकिन धूप और पसीने वाली गर्मी ने लोगों को तरबतर कर दिया। शाम ढलने पर भी वातावरण में उष्णता बनी रही।
