सारस न्यूज, वेब डेस्क।
राजधानी समेत प्रदेश में अगले तीन दिनों तक मानसून कमजोर होने के कारण भारी वर्षा नहीं होगी। लेकिन इस दौरान छिटपुट वर्षा की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को पटना व आसपास के क्षेत्र में बादल छाए रहेंगे। गत 24 घंटों के दौरान भभुआ, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, सिवान, शिवहर, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, पटना के कुछ भागों में हल्की वर्षा दर्ज की गई। भभुआ के रामपुर में 32.6 मिमी और पटना के श्रीपालपुर में 2.4 मिमी वर्षा हुई। मंगलवार को पटना व आसपास क्षेत्र में दोपहर बाद बादल छाए रहे। मानसून ट्रफ जैसलमेर, शिवपुरी, रांची, दीघा होते हुए दक्षिण पूर्व की ओर पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी तक प्रभावी है। चक्रवातीय परिसंचरण का क्षेत्र दक्षिण पश्चिम उत्तरप्रदेश व आसपास बना हुआ है।
दिन भर सताएगी उमस भरी गर्मी
मुजफ्फरपुर में धूप के तेवर देख ऐसा लग ही नहीं रहा कि भादो का महीना चल रहा है। सुबह होते ही धूप कड़ी हो रही है। इस बीच मंगलवार को सुबह से आसमान में बादल छाए रहे। दिन में धूप निकली तो उमस से परेशानी रही। इस दौरान अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 0.1 डिग्री सेल्सियस कम है।
उत्तर बिहार के जिलों हो सकती है हल्की बारिश
डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा ने मंगलवार को अगले 17 सितंबर तक के लिए मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। वरीय मौसम विज्ञानी डॉ. ए सत्तार ने कहा कि पूर्वानुमान की अवधि में उत्तर बिहार के जिलों में हल्के बादल छाए रह सकते हैं। इस अवधि में उत्तर बिहार के जिलों के कुछ स्थानों पर अगले 24 घंटों में हल्की वर्षा हो सकती है। वैसे आमतौर पर मौसम के शुष्क रहने की संभावना है। इस अवधि में अधिकतम तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।