सारस न्यूज, पटना।
बुधवार को गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर देश की प्रतिष्ठित पुरस्कार पद्म अवार्डों की घोषणा की गई। गृह मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना में इस बार कुल 106 हस्तियों को पद्म पुरस्कार दिए गए हैं। इसमें छह को पद्म विभूषण, नौ को पद्म भूषण और 89 को पद्मश्री पुरस्कार दिए गए।
इस बार बिहार की तीन हस्तियों को पद्मश्री पुरस्कार से नवाजा गया है। बिहार की जिन तीन हस्तियों को यह पुरस्कार दिया गया है, उसमें कला क्षेत्र से सुभद्रा देवी और कपिलदेव प्रसाद एवं शिक्षा एवं साहित्य क्षेत्र से आनंद कुमार शामिल हैं।
शिक्षा के क्षेत्र में नाम कमा चुके गणितज्ञ आनंद कुमार को इस बार पद्मश्री पुरस्कार दिया गया है। आनंद कुमार पटना जिले के मसौढ़ी के मूल निवासी हैं। सुपर 30 के जरिए आनंद कुमार देश-विदेश तक नाम कमा चुके हैं। इन पर हिंदी फिल्म भी बन चुकी है।
सुभद्रा देवी मधुबनी जिले की सलेमपुर गांव की निवासी हैं। उनको पेपरमैसी कला में महारत हासिल है। इस कला में उनके विशिष्ट योगदान को देखते हुए पद्मश्री पुरस्कार दिया गया है।
नालंदा के बिहारशरीफ प्रखंड के बसावनबिगहा निवासी कपिलदेव प्रसाद को पद्मश्री पुरस्कार दिया गया है। वे बावन बुटी कला के उस्ताद माने जाते हैं।