• Thu. Feb 5th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

बिहार के मुंगेर जिला में पुलिस और अस्पताल प्रबंधन की रार में 10 दिनों से नहीं हो पा रहा अंतिम संस्कार, जानें मामला

सारस न्यूज टीम, बिहार, मुंगेर।

मुंगेर में मानवता को शर्मसार करने वाला एक ऐसा मामला सामने आया है जिसमें पुलिस और अस्पताल प्रबंधन के बीच समन्वय के अभाव में पिछले 10 दिनों से एक शव का अंतिम संस्कार नहीं किया जा रहा है. अब इस मामले में मुंगेर के एसपी को अस्पताल प्रबंधन ने पत्र लिखकर शव की अंतिम क्रिया करने की अपील की है.

दरअसल, दिवंगत पारस यादव का शव परिजनों द्वारा छोड़ जाने के बाद अस्पताल उपाधीक्षक ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए कोतवाली थानाध्यक्ष को पत्र लिखकर कहा था कि पुलिस अपने स्तर से पारस यादव के अंतिम संस्कार की व्यवस्था सुनिश्चित करे. लेकिन, अस्तपाल की इस मांग को कोतवाली पुलिस ने यह कह कर स्वीकार नहीं किया कि शव लावारिश नहीं है तथा यह किसी दूसरे जिले से संबंधित मामला है.

अब न तो अस्पताल प्रशासन और न ही पुलिस द्वार शव के अंतिम संस्कार की व्यवस्था की जा रही है. ऐसे में पारस यादव के निधन के 10 दिन बीत जाने के बावजूद उसके शव का अंतिम संस्कार नहीं हो पाया है. जबकि, पारस यादव के परिजन भी अब तक उसके शव को नहीं ले गए हैं. हालांकि, इस मामले में सदर अस्पताल प्रबंधन ने एसपी जगुनाथ रेड्डी जला रेड्‌डी को पत्र लिख मृतक पारस यादव का विधिवत रूप से अंतिम संस्कार कराने का आग्रह किया है.

एसपी को लिखे पत्र में अस्पताल उपाधीक्षक ने कहा है कि पारस यादव के निधन के बाद उसके परिजन शव को छोड़ चले गए थे. इसकी सूचना लिखित रूप से कोतवाली पुलिस को दी गई. लेकिन, कोतवाली पुलिस ने पत्र लेने से इनकार कर दिया. ऐसे में विगत दस दिनों से पारस यादव का शव सदर अस्पताल के शवगृह में पड़ा हुआ है, जिसके अंतिम संस्कार की व्यवस्था की जाय.

बहरहाल, इस मामले में दोनों ही महकमे के बीच आपसी समन्वय का अभाव साफ तौर पर दिख रहा है. साथ ही ऐसी बातों के लिए कोई स्पष्ट दिशा-निर्देश की जानकारी की कमी भी स्पष्ट हो रही है. वहीं, इस कृत्य के लिए  कौन तकनीकी रूप से जिम्मेदार है यह तो जांच का विषय है, लेकिन इतना अवश्य है कि मानवता के शर्मसार होने के लिए अस्पताल प्रशासन व पुलिस महकमा, दोनों ही जिम्मेदार है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *